
बहराइच। जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बार परिसर में सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस पद के लिए कमलेश्वर सिंह और मयंक श्रीवास्तव ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। दोनों ही प्रत्याशी बार की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में उनके बीच सीधी टक्कर चुनाव को दिलचस्प बना रही है।
वहीं महामंत्री पद पर भी मुकाबला कम दिलचस्प नहीं है। इस पद के लिए राजेश मिश्रा और अशोक मिश्रा ने पर्चा दाखिल किया है। दोनों प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मैदान में उतर चुके हैं और अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क तेज कर दिया है।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अखिलेश यादव ने नामांकन किया है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार मैदान में हैं। इनमें आशीष सिंह उर्फ शेरा, इंद्रजीत तिवारी उर्फ लड्डू और अनुराग आचार्य के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। इस पद पर भी कड़ा मुकाबला होने के संकेत मिल रहे हैं।
जिला बार संघ के अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आएगी, प्रचार-प्रसार और तेज होने की संभावना है।
नामांकन के साथ ही बार परिसर में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए अधिवक्ताओं से संपर्क साध रहे हैं और समर्थन जुटाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आने वाले दिनों में यह चुनाव और भी रोमांचक होने के आसार हैं।