
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी की ‘समाजवादी समता भाईचारा रैली’ के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। नोएडा-दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंच चुके हैं।
रैली स्थल पर पहुंचकर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। थोड़ी ही देर में अखिलेश यादव रैली को संबोधित करेंगे, जिसे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस रैली के जरिए समाजवादी पार्टी पश्चिमी यूपी में अपने आधार को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। खास तौर पर गुर्जर वोटबैंक पर सपा की नजर मानी जा रही है। क्षेत्र की करीब 24 सीटों पर 20 हजार से 70 हजार तक गुर्जर मतदाताओं का प्रभाव बताया जाता है।

अब तक गुर्जर समाज को भाजपा का कोर वोटबैंक माना जाता रहा है, लेकिन सपा इस समीकरण को बदलने की कोशिश में है। पार्टी मुस्लिम-गुर्जर गठजोड़ बनाने की रणनीति पर काम कर रही है, साथ ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ गुर्जर समाज को जोड़ने पर भी फोकस कर रही है।
इस रैली को भाजपा के पारंपरिक वोटबैंक में सेंध लगाने की सपा की बड़ी राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले समय में पश्चिमी यूपी की राजनीति पर इस रैली का असर देखने को मिल सकता है।