नोएडा में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा

लखनऊ/नोएडा: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने नोएडा के दादरी में आयोजित रैली में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कल कुछ लोग नोएडा आए थे”, और अपने पुराने “हम नोएडा नहीं आते” बयान पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि जितनी चाय उनके विरोधियों ने नहीं पी होगी, उससे ज्यादा वे कार्यकर्ताओं के घर जाकर पी चुके हैं।

अखिलेश यादव ने नोएडा और आसपास के विकास में समाजवादी पार्टी के योगदान को गिनाते हुए कहा कि दिल्ली-नोएडा मेट्रो सपा सरकार की देन है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ श्रेय लेने का काम करती है, जबकि जमीन पर उसका कोई ठोस योगदान नहीं है। दादरी रैली को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी रैली की चर्चा से कई लोगों के “होश उड़ गए” और विरोधियों को मजबूरी में पहले रैली करनी पड़ी।

भाजपा की रैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ खुद नहीं आई, बल्कि सरकारी कर्मचारियों और छात्रों को लाकर जुटाई गई। यहां तक कि रैली के बाद छुट्टी देने का लालच भी दिया गया। उन्होंने कहा कि अब कैमरों के दौर में सच्चाई छिप नहीं सकती।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि यूपी और दिल्ली दोनों जगह से भाजपा की विदाई तय है। एयरपोर्ट उद्घाटन को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कई एयरपोर्ट बंद हो चुके हैं और उद्घाटन सिर्फ दिखावे के लिए किए गए।

महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमत, किसानों को मुआवजा, रोजगार और पंचायत व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौजवान परेशान हैं और सपा सरकार आने पर उन्हें ट्रेनिंग देकर रोजगार दिया जाएगा।

पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को सामाजिक आंदोलन बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में भेदभाव बढ़ा है और इसे खत्म करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि “धरती की हुंकार से सत्ता हिलेगी” और 2027 में बदलाव निश्चित है।