निरंतर बारिश से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे अधिकारी, 24 घंटे में मुआवजा दिलाने के निर्देश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जनपदों में हो रही असमय बारिश को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपदा का प्रभाव किसानों पर न्यूनतम रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर पूरी जानकारी शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जनहानि, पशुहानि और घायलों को हर हाल में 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां संयुक्त रूप से फसल नुकसान का सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सरकार हर प्रतिकूल परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और प्रभावित फसलों का मुआवजा प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझें। साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया गया है कि वे फील्ड अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें, जिससे राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसानों के हित में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी अन्नदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार ने किसानों से भी अपील की है कि वे अपनी फसल के नुकसान की जानकारी समय से प्रशासन को दें। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और जिनकी फसल कटकर खलिहान में रखी थी तथा बारिश से नुकसान हुआ है, वह 14 दिनों तक बीमा के दायरे में रहेगी। ऐसे किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।