समाधान दिवस में फसल कटाई और फायर सर्विस की तत्परता का मुद्दा छाया

रुद्रपुर-देवरिया। अप्रैल माह के प्रथम शनिवार को स्थानीय तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस में इस बार फसल कटाई और फायर सर्विस की समयबद्ध उपलब्धता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर ने की, जबकि उप जिलाधिकारी हरिशंकर लाल, क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव, विभिन्न थानों की पुलिस टीम और तहसील के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल 38 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सबसे अधिक 18 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग के 8, विकास कार्यों से जुड़े 4 और अन्य विभागों के 8 मामले सामने आए। मौके पर केवल राजस्व विभाग के 5 मामलों का ही निस्तारण किया जा सका, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि क्षेत्र में फसल कटाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और अग्निकांड जैसी घटनाओं से निपटने के लिए फायर सर्विस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करें और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान ही शासन की प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।