एसआई सत्येंद्र यादव को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम सलामी, करमुआ घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

भाटपार रानी, देवरिया। गोंडा जिले के धानेपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव को शुक्रवार, 4 अप्रैल को उनके पैतृक गांव करमुआ घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पुलिस विभाग द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचाया गया।
49 वर्षीय सत्येंद्र यादव भाटपार रानी थाना क्षेत्र के करमुआ गांव के निवासी थे और छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। शुक्रवार सुबह टहलने के बाद घर लौटते समय वे अचानक गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल लार स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को पुनः गांव लाया गया। शनिवार सुबह करीब 8 बजे छोटी गंडक नदी के करमुआ घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र आशुतोष यादव ने मुखाग्नि दी।
इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। अंतिम सलामी देने वालों में देवरिया पुलिस लाइन से एचसीएपी नित्यानंद पाल, कांस्टेबल श्रवण प्यारे, कांस्टेबल अभय कुशवाहा, कांस्टेबल विनय कुमार और कांस्टेबल विक्रांत कुमार शामिल रहे। वहीं गोंडा के धानेपुर थाने से उपनिरीक्षक रामकृपाल यादव, उपनिरीक्षक रामविलास यादव, हेड कांस्टेबल अरिमेंद्र प्रताप मौर्य व हेड कांस्टेबल पवन यादव भी मौजूद रहे।
भाटपार रानी थाने से उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव व उपनिरीक्षक दुर्गेश बरनवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। ग्राम प्रधान तपनारायण यादव समेत हजारों ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।