
सलेमपुर, देवरिया। नगर पंचायत द्वारा बापू इंटर कॉलेज परिसर में करीब 13.55 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक शौचालय आज उपयोग से पूरी तरह बाहर हो गया है। स्थिति यह है कि शौचालय के मुख्य द्वार को ईंटों से बंद कर दिया गया है, जिससे यह सुविधा आम जनता के लिए निष्प्रयोज्य बनकर रह गई है।
जिस शौचालय का निर्माण स्वच्छता और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया था, वह अब जमीनी स्तर पर विफल योजना का उदाहरण बन गया है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकार जहां स्वच्छता अभियान पर लाखों रुपये खर्च कर रही है, वहीं इस तरह की लापरवाही से योजनाओं की वास्तविक स्थिति उजागर हो रही है।
मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने बताया कि शौचालय का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कॉलेज की छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग की शिकायतें सामने आईं। इसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने शौचालय को बंद कराने का निर्णय लिया।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी सलेमपुर को लिखित सूचना दे दी गई है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए इस शौचालय को पुनः आम जनता के उपयोग के लिए खोला जाए।