लखनऊ में पहली बार होगा भव्य लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल: स्क्रीनिंग-अवार्ड शो बनेगा यादगार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जो अपनी समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, अब सिनेमा के वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है। शहर में पहली बार भव्य स्तर पर ‘लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का आयोजन 15 और 16 अप्रैल को सहारागंज मॉल स्थित आईनॉक्स-पीवीआर सिनेमा में किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना और स्थानीय सिनेमाई विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना है।

लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन 15 अप्रैल को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक देश-विदेश की ज्यूरी द्वारा चयनित बेहतरीन फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं, दूसरे दिन 16 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक फिल्म प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक एक भव्य अवार्ड समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म जगत की चुनिंदा हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश से जुड़े दिग्गजों को समर्पित होंगे विशेष सम्मान

महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण उन दिवंगत बॉलीवुड हस्तियों को श्रद्धांजलि देना है, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश से रहा है। इन महान विभूतियों के नाम पर विशेष सम्मान उनके परिजनों की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, इस वर्ष सम्मानित होने वाले अधिकांश कलाकार भी उत्तर प्रदेश की मिट्टी से जुड़े हुए हैं।

बड़े नामों की भागीदारी, अनुभवी ज्यूरी करेगी चयन

फेस्टिवल के संस्थापक और आयोजक, लेखक-निर्माता-निर्देशक अयूब खान ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों को जोड़ा गया है। ‘बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स’ में जरीना वहाब, पहलाज निहलानी, अनूप जलोटा और सतलुज धीर जैसे नाम शामिल हैं।

वहीं फिल्मों का चयन मेहुल कुमार, एन. चंद्रा, सोहम शाह, मनोज जोशी, राकेश बेदी और कमलेश पांडे जैसे अनुभवी ज्यूरी सदस्यों द्वारा किया गया है। कुल 210 चयनित फिल्मों को बेस्ट स्टोरी, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एडिटिंग सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।

इन दिग्गजों को मिलेगा सम्मान

अवार्ड समारोह में राहुल रवैल, विशाल भारद्वाज, पूनम ढिल्लों, रवि किशन, राजपाल यादव, जूही चतुर्वेदी और मनोज मुंतशिर जैसी हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

हर साल होगा आयोजन, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

अयूब खान ने इसे लखनऊ के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इस फिल्म फेस्टिवल को अब हर वर्ष आयोजित किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को एक सशक्त मंच मिलेगा, बल्कि फिल्म प्रेमियों को भी विश्वस्तरीय सिनेमा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।