बाराबंकी। जनपद के थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत घाघरा नदी पर स्थित संजय सेतु (घाघरा सेतु) की मरम्मत कार्य शुरू होने के चलते बाराबंकी से बहराइच को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-927 पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह डायवर्जन 16 अप्रैल 2026 से अगले दो माह तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन द्वारा हल्के वाहनों के लिए घाघरा नदी पर बने पांटून सेतु (पीपे का पुल) से आवागमन की व्यवस्था की गई है, जबकि एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस दौरान छूट प्रदान की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बाराबंकी से गोंडा या बहराइच की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को सीतापुर (चहलारी घाट) और अयोध्या मार्ग के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा चौपुला, रामनगर तिराहा, चौकाघाट, सफदरगंज चौराहा और बदोसराय चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती दो पालियों में की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, जिससे मरम्मत कार्य समय पर पूरा हो सके।