
लखनऊ, काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा घोषित दसवीं (ICSE) के परीक्षा परिणाम में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ की राजाजीपुरम प्रथम शाखा की छात्रा खुशी नेगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष लखनऊ में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर शहर की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। सीएमएस के विद्यार्थियों ने भी एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है।
खुशी नेगी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन 3 से 4 घंटे की नियमित पढ़ाई करती थीं, जबकि स्कूल के बाद 7 से 8 घंटे की अध्ययन दिनचर्या और लगातार रिवीजन उनकी सफलता की मुख्य कुंजी रही। प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं में भी उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा।
उन्होंने विशेष रूप से सीएमएस अलीगंज प्रथम शाखा के शिक्षक शुभांशु शुक्ला को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विचारों ने उन्हें आगे बढ़ने की ऊर्जा दी। शुक्ला सर के शब्द “यदि लक्ष्य ठान लिया जाए, तो उसे प्राप्त करना कठिन नहीं होता” उनके जीवन का मार्गदर्शन बने रहे।
खुशी ने अपने माता-पिता को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उनके पिता चंदर सिंह नेगी एक निजी संस्था में कार्यरत हैं, जबकि माता अंशी देवी गृहिणी हैं। माता-पिता ने हमेशा उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया और लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सीख दी।
खुशी का सपना है कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक जिम्मेदार नागरिक बने और देश की सेवा में अपना योगदान दे। उनके परिवार का मानना है कि सीएमएस जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन ने बच्चों को बेहतर भविष्य की दिशा दी है।
खुशी नेगी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे विद्यालय और लखनऊ शहर के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।