बंगाल में सीएम के चेहरे का एलान! ममता के ही पूर्व सहयोगी को बीजेपी ने बनाया CM

पश्चिम बंगाल की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुवेन्दु अधिकारी के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम की घोषणा की। इसके साथ ही बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।

नाम के ऐलान के बाद शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। शुभेंदु ने यह भी कहा कि बंगाल में अब डर का माहौल खत्म होगा और राज्य को फिर से विकास की राह पर लाया जाएगा।

उन्होंने संदेशखाली मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करेगी और जनता का भरोसा बहाल करेगी।

गृहमंत्री और बंगाल में पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि अब बंगाल में घुसपैठ और गौ तस्करी पर सख्ती होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य की सीमाओं को मजबूत करेगी। शाह ने दावा किया कि जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश दिया है।

अधिकारी का राजनितिक सफर

शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन बाद में टीएमसी में शामिल हो गए। वह लंबे समय तक ममता बनर्जी के  के करीबी सहयोगी रहे। नंदीग्राम आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई।

साल 2020 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। इसके बाद वह बंगाल में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे। शुभेंदु अधिकारी एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता सिसिर अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।

अब बंगाल की जनता की नजर इस बात पर है कि नई सरकार अपने वादों को कितनी जल्दी जमीन पर उतारती है।