“आम्रपाली एक्सप्रेस में 1.5 करोड़ की चरस बरामद: ऑपरेशन नारकोस में RPF-NCB की बड़ी कार्रवाई”

लखनऊ। ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ऐशबाग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 करोड़ रुपये कीमत की चरस बरामद की है। कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी और सहायक सुरक्षा आयुक्त रवि शंकर सिंह के निर्देशन में 7 मई 2026 को यह अभियान चलाया गया। एनसीबी लखनऊ से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजमेर सिंह यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने आम्रपाली एक्सप्रेस (15707) में चेकिंग शुरू की।
ट्रेन के ऐशबाग स्टेशन से रवाना होने के बाद कोच S-6 के शौचालय के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान दोनों के पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई, जिसमें 500-500 ग्राम के छह पैकेट बरामद हुए। कुल बरामद चरस का वजन 3 किलोग्राम पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश शर्मा (57) और महेंद्र सिंह (54) निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई। कार्रवाई के दौरान ट्रेन को अमौसी स्टेशन पर रुकवाकर दोनों आरोपियों को उतारा गया और आगे की पूछताछ की गई।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि नेपाल से आए महेश नाम के व्यक्ति ने बढ़नी रेलवे स्टेशन के पास खेतों में उन्हें यह खेप सौंपी थी। दोनों आरोपी इसे अलीगढ़ ले जाकर फुटकर में बेचने की तैयारी में थे।
एनसीबी लखनऊ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।