विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी बीजेपी: जिला से बूथ स्तर तक समीक्षा और रणनीति पर मंथन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंकज चौधरी ने की। जबकि इसमें प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान जिला समितियों, मंडल समितियों, शक्तिकेंद्रों और बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर निश्चित विजय सुनिश्चित करना है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिन बूथों पर पार्टी को पिछली बार अच्छी सफलता मिली थी, वहां जीत का अंतर और बढ़ाया जाए, जबकि कमजोर बूथों पर विशेष मेहनत कर उन्हें भाजपा के पक्ष में मजबूत बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि पार्टी को वर्ष 2017 से भी बड़ी जीत 2027 में हासिल करने के संकल्प के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए बूथ स्तर पर प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता का पूरा उपयोग, सामूहिकता, समन्वय और प्रभावी रणनीति सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

विपक्ष पर साधा निशाना, कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और उसके पास न कोई नीति है, न कार्यक्रम, न कार्ययोजना और न ही जनहित का कोई स्पष्ट विजन। विपक्ष केवल झूठ, भ्रम और शोर मचाने की राजनीति कर रहा है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करना होगा। यह तभी संभव है जब मंडल, बूथ और शक्तिकेंद्र स्तर पर संगठन मजबूत हो तथा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करें।

हर महीने नियमित बैठकों का निर्देश, बूथ अध्यक्ष सम्मेलन भी होंगे

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करते हुए जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ समितियों की नियमित बैठकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला समितियों की बैठकें प्रत्येक माह की 1 से 15 तारीख के बीच आयोजित की जाएं। वहीं मंडल समितियों की बैठकें माह के प्रथम सप्ताह में तथा शक्तिकेंद्रों की बैठकें तृतीय सप्ताह में नियमित रूप से हों। उन्होंने कहा कि माह के अंतिम सप्ताह में “मन की बात” कार्यक्रम के साथ बूथ समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। साथ ही आगामी समय में विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि चुनावी तैयारियों को और अधिक मजबूती दी जा सके।

अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

धर्मपाल सिंह ने बताया कि बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों में मेहनती एवं सक्षम कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। साथ ही प्रत्येक बूथ पर पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उन्हें दोबारा सक्रिय भूमिका में लाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की विचारधारा से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने का अभियान तेज किया जाएगा, ताकि बूथ स्तर पर भाजपा की पकड़ और मजबूत हो सके।