
लखनऊ। राजधानी में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम इम्प्लाईज यूनियन की स्थापना के 34 वर्ष पूर्ण होने और यूनियन की केंद्रीय कार्यकारिणी के 17वें द्विवार्षिक अधिवेशन एवं द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 के अवसर पर सेतु निगम मुख्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता, यूनियन पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन यूनियन के केंद्रीय महामंत्री शिशिर गुप्ता द्वारा किया गया।
इस दौरान सभी अतिथियों को यूनियन की ओर से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मान देकर अभिनंदन किया गया। आमसभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष इशरत जहां ने सेतु निगम के प्रबंध निदेशक, संयुक्त प्रबंध निदेशक, वित्त नियंत्रक, समस्त महाप्रबंधकों एवं अन्य अधिकारियों के साथ प्रदेशभर से आए कर्मचारी नेताओं, क्षेत्रीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों और यूनियन सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया है।
20 कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित
द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 के लिए नियुक्त चुनाव अधिकारी शिशिर कुमार मौर्या एवं सहायक चुनाव अधिकारी आशीष कुमार द्वारा चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। चुनाव परिणाम घोषित करते हुए बताया गया कि 20 कार्यकारिणी सदस्य सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विशेष योगदान के लिए दोनों अधिकारियों को यूनियन की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
प्रबंध निदेशक ने सहयोग का दिया आश्वासन
कार्यक्रम में उपस्थित सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह का भी अभिनंदन किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में यूनियन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बताया गया कि 15 मई 2026 को नव निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों की पहली बैठक आयोजित होगी, जिसमें यूनियन के संवैधानिक पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रबंध निदेशक को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान यूनियन अध्यक्ष इशरत जहां और महामंत्री शिशिर गुप्ता ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर सेतु निगम के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के वरिष्ठ नेताओं की विशेष उपस्थिति रही। इनमें वीपी मिश्रा, सतीश पाण्डेय, अख्तर जती सिद्दीकी, सुरेश राव, शिवकुमार यादव, मनोज कुमार मिश्रा, शशि कुमार मिश्रा, दिवाकर सिंह, कन्नौजिया विनोद बुद्धि और एसएएच जैदी सहित अनेक प्रदेश स्तरीय कर्मचारी नेता मौजूद रहे।