भागवत कथा की कलश यात्रा में मातम: गंगा स्नान के दौरान पांच बच्चे डूबे, किशोरी की मौत, एक लापता

रिपोर्ट -राजीव दीक्षित


हरदोई। जिले के बिलग्राम क्षेत्र में भागवत कथा की कलश यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब गंगा स्नान के दौरान पांच बच्चे तेज धार में बह गए। हादसे में 14 वर्षीय संध्या की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक किशोर अब भी लापता है। तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


जानकारी के मुताबिक म्योरा मोड़ निवासी रविशंकर की पुत्री संध्या देवी मंदिर में आयोजित भागवत कार्यक्रम की कलश यात्रा में शामिल होने नोखेपुरवा गंगा घाट पहुंची थी। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में डूब गई। वहीं म्योरा निवासी राजेश का पुत्र ओम जी भी गंगा की धार में बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
हादसे में डूब रहीं स्नेहा (12) पुत्री महेंद्र, सोनम (11) पुत्री सोनू और अंशी (14) पुत्री राकेश को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद संध्या का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक लापता किशोर ओम जी की तलाश के लिए रात में भी सर्च अभियान जारी रखा गया। मृतक संध्या दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिलग्राम सीएचसी में रखवा दिया है।