RML में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस का भव्य आयोजन: अपने ब्लड प्रेशर के नंबर जानिए का दिया संदेश

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभाग द्वारा विश्व उच्च रक्तचाप दिवस एवं प्रथम एलुमनाई मीट का भव्य आयोजन प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, विद्यार्थी, स्वास्थ्यकर्मी, एलुमनाई और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य उच्च रक्तचाप के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा विभाग की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों को साझा करना रहा।

कार्यक्रम की सबसे खास और जन-जागरूकता से जुड़ी पहल यह रही कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का ब्लड प्रेशर मापना अनिवार्य किया गया था। प्रतिभागियों की बीपी रीडिंग ही कार्यक्रम में प्रवेश का टिकट बनी। इस अभिनव पहल के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति को अपने ब्लड प्रेशर की जानकारी अवश्य होनी चाहिए और नियमित जांच करानी चाहिए।

विशेषज्ञों ने बताया हाई बीपी को साइलेंट किलर

इस दौरान मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. सीएम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उच्च रक्तचाप आज तेजी से फैलने वाली “साइलेंट किलर” बीमारी बन चुकी है, जो हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि नियमित बीपी जांच, संतुलित जीवनशैली और समय पर उपचार के माध्यम से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कार्डियोलॉजी विभाग की इस जागरूकता पहल की सराहना भी की।

2011 में हुई थी विभाग की शुरुआत

विशिष्ट अतिथि प्रो. मुकुल मिश्रा ने विभाग की शैक्षणिक यात्रा को याद करते हुए बताया कि वर्ष 2011 में कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना हुई थी और वर्ष 2013 में केवल एक डीएम कार्डियोलॉजी छात्र के साथ शैक्षणिक कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि आज विभाग के 23 एलुमनाई देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं, जो संस्थान के लिए गर्व की बात है।

युवाओं से स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की अपील

डीन प्रो. प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि उच्च रक्तचाप की रोकथाम ही हृदय रोगों से बचाव की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने युवाओं और चिकित्सकों से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं, कार्यकारी रजिस्ट्रार प्रो. सुब्रत चंद्रा ने विभाग को अकादमिक उत्कृष्टता और जनस्वास्थ्य जागरूकता को साथ लेकर चलने के लिए बधाई दी और एलुमनाई मीट को विभाग की उपलब्धियों का उत्सव बताया।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर

कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष प्रो. भुवन चंद्र तिवारी ने कहा कि उच्च रक्तचाप अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के वर्षों तक शरीर को नुकसान पहुंचाता रहता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर अपना ब्लड प्रेशर अवश्य जांचना चाहिए। उन्होंने कम नमक का सेवन, नियमित व्यायाम, तनाव नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को हृदय रोगों की रोकथाम के लिए बेहद जरूरी बताया।

विशेषज्ञ व्याख्यान और संवाद सत्र का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान उच्च रक्तचाप की रोकथाम और उपचार विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके अलावा एलुमनाई और रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ संवाद सत्र भी हुआ, जिसमें विभाग की शैक्षणिक एवं संस्थागत यात्रा पर चर्चा की गई। आयोजन की सफलता के लिए विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया गया।