झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर हाईवे पर पलटी कारपुलिस और ‘सेवा का जुनून’ टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा


उचौलिया (लखीमपुर खीरी)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचौलिया कस्बे और गुरुद्वारा अड्डे के बीच शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और हाईवे के बीचों-बीच पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराने के बाद जोरदार झटके के साथ सड़क पर औंधे मुंह पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यातायात बाधित हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही उचौलिया थाना पुलिस और समाजसेवी संस्था ‘सेवा का जुनून’ की टीम भी राहत सामग्री और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई।
पुलिस, संस्था के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद पलटी हुई कार को सीधा किया। इसके बाद भी कार हाईवे के बीच खड़ी होने से अन्य वाहनों के लिए खतरा बना हुआ था। ऐसे में ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाया गया। साथ ही हाईवे पर फैला मलबा साफ कर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उचौलिया पुलिस, ‘सेवा का जुनून’ संस्था और ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि समय रहते मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
इंस्पेक्टर उचौलिया गोपाल नारायण सिंह ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि हाईवे पर सफर के दौरान यदि नींद या थकान महसूस हो तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर कुछ देर आराम जरूर करें। सतर्कता ही सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।