
लखीमपुर खीरी। पेट्रोल, डीजल, गैस और सीएनजी की बढ़ी कीमतों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला अधिकारी आवास का घेराव किया और धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।
पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “महंगाई मैन” बताते हुए बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
पूर्व विधायक सतीश अजमानी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा और किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं तो कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में व्यापक धरना-प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। प्रदर्शन में मोहन चंद्र, राजेश सिद्धार्थ, मंजू मिश्रा, चंद्रप्रभा अवस्थी, नेहा चौधरी, कृष्ण किशोर मिश्रा, कल्लू मिश्रा, गंगाराम राजवंशी, सहजेंद्र दीक्षित, पंकज शुक्ला, जावेद अली, अब्दुल रहीम, राकेश विश्वकर्मा, शक्ति शरण गौतम, लतीफ आजम, हरगोविंद वर्मा, कोमल सिंह, अकील खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।