
गोला गोकर्णनाथ खीरी। आयुष आपके द्वार अभियान के तहत क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी लखीमपुर खीरी के निर्देशानुसार राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जडौरा द्वारा तेंदुआई गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में दो अलग-अलग पटल लगाए गए, जिसमें पटल संख्या एक पर 26 और पटल संख्या दो पर 16 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वृद्ध और दिव्यांग मरीजों के लिए अलग पटल की व्यवस्था भी की गई थी।
शिविर के दौरान डॉ. हरिशंकर वर्मा ने लोगों को ग्रीष्म ऋतु में स्वस्थ रहने और गर्मी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने लोगों को सिर ढंककर रखने, सफेद सूती कपड़े पहनने तथा लौकी, तुरई, खीरा, ककड़ी और खरबूजे जैसे मौसमी फलों एवं सब्जियों का अधिक सेवन करने की सलाह दी। साथ ही प्रतिदिन 3 से 5 लीटर पानी पीने, छायादार स्थानों पर रहने और तेज धूप व आंधी-तूफान से बचने की अपील की।
इस दौरान ग्राम प्रधान मनोज वर्मा, फार्मासिस्ट अनंग पाल चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।