गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार: 50 हजार का इनाम था घोषित

लखनऊ। यूपी एसटीएफ को पिछले कई दिनों से फरार और इनामी अभियुक्तों के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों और टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। प्रयागराज स्थित एसटीएफ फील्ड इकाई में पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम लगातार सक्रिय रूप से सूचना जुटाने का कार्य कर रही थी।

बांदा में चल रही थी एसटीएफ की कार्रवाई

संकलित सूचनाओं के आधार पर 18 मई 2026 को एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम, जिसमें निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रभंजन पांडेय, अजय सिंह यादव, अनूप राय और आरक्षी चालक अखंड प्रताप पांडेय शामिल थे। इसी दौरान टीम को 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शीबू अंसारी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है आरोपी

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त शीबू अंसारी ने बताया कि वह कस्बा नरैनी, जनपद बांदा का निवासी है। वर्ष 2025 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के संबंध में बांदा जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले जेल भी जा चुका है।

गैंगस्टर एक्ट में था वांछित

वर्ष 2026 में थाना नरैनी, जनपद बांदा में शीबू अंसारी और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

स्थानीय पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्त शीबू अंसारी को 01/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत थाना नरैनी, जनपद बांदा में दाखिल किया गया है। वहीं मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।