
लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा के झोंके चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन से चार दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। ऐसे में मई महीने का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूटने की संभावना भी जताई जा रही है। इससे पहले 31 मई 1995 को लखनऊ में मई का ऑल टाइम हाई तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर मौजूदा हालात बने रहे तो इस बार यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की संभावना है।
सोमवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
सोमवार को लखनऊ में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा था। अधिकतम आर्द्रता 59 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 24 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। गर्मी और उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदेशभर में ऑरेंज अलर्ट, लू का असर बढ़ने के संकेत
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का दौर तेज होने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ऑरेंज वार्निंग जारी की है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर ईरान और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। यह समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है।
पूर्वांचल और बिहार के ऊपर बना चक्रवाती प्रभाव
पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर पहुंच गया है। इसका विस्तार समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर तक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तेज सतही पछुवा हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के साथ झोंकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
गर्म पछुवा हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण प्रदेश में भीषण गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लू और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।