
बहराइच। एंटी करप्शन टीम गोंडा ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएससी कॉमन सर्विस सेंटर एवं आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संचालक पर प्रतिमाह रुपये देने का दबाव बना रहा था और रकम न देने पर केंद्र बंद कराने की धमकी दे रहा था।
जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के बहादुरचक गांव निवासी राजेंद्र कुमार ने एंटी करप्शन टीम गोंडा के निरीक्षक धनंजय सिंह से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि लखनऊ निवासी आशुतोष पांडे, जो सीएससी कॉमन सेंटर और आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पद पर तैनात है, आधार सेंटर संचालन के नाम पर हर महीने 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर मंगलवार को नगर पालिका के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्यों ने भेष बदलकर मौके पर निगरानी की ताकि आरोपी को किसी प्रकार का शक न हो सके।
निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल टीम आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।