गंगा दशहरा को लेकर एसपी ने कछला व लहरा गंगा घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं के दिए निर्देश


कासगंज। आगामी गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह ने थाना सोरों क्षेत्र के कछला गंगा घाट एवं लहरा गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, बैरिकेटिंग, लाइटिंग, मोबाइल शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल, वाहन पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने और जलस्तर के अनुसार बैरिकेटिंग कराने के आदेश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर्व से पूर्व ही पूरी तरह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक बदायूं अभिषेक कुमार, उपजिलाधिकारी कासगंज संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी एवं यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।