
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के नगला मिर्जा बड़ा में बौद्ध जयंती कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें मारपीट होने से तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व नगला मिर्जा बड़ा में आयोजित बौद्ध जयंती कार्यक्रम को लेकर दो पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था। उसी विवाद को लेकर सोमवार को फिर तनाव बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया।
घायलों में संजीव कुमार पुत्र सुदर्शन लाल, उसका भाई शिवम निवासी नगला मिर्जा बड़ा थाना रामगढ़ तथा सोनू पुत्र शांति स्वरूप निवासी नगला मिर्जा बड़ा शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।