पैनल बदलने के कार्य से सलेमपुर तहसील की बिजली व्यवस्था रही प्रभावित


अमर भारती ब्यूरो
सलेमपुर, देवरिया। भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को सलेमपुर तहसील क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। नए विद्युत पैनल की स्थापना और तकनीकी कार्य के कारण लगभग 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे सलेमपुर नगर पंचायत के सभी वार्डों सहित करीब 100 से 150 गांवों के लोग दिनभर परेशान रहे। बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया और लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि 22 दिसंबर 2025 को नवलपुर फीडर में अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया था। ब्लास्ट के बाद फीडर में आग लग गई थी, जिसे काबू में करने के लिए फायर ब्रिगेड और नगर पंचायत की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा था। इस घटना में नवलपुर फीडर का पैनल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था।
पैनल खराब होने के बाद विभाग ने अस्थायी व्यवस्था के तहत हरैया और सुगही फीडर को एक ही पैनल से संचालित करना शुरू किया। लगातार बढ़ते लोड के कारण पैनल में बार-बार तकनीकी दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी और उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती झेलनी पड़ रही थी।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग ने नया पैनल मंगाया, जिसकी स्थापना मंगलवार को की गई। पैनल बदलने और तकनीकी परीक्षण के दौरान सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। करीब 10 घंटे बाद बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत महसूस की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। वहीं बिजली विभाग ने दावा किया कि नए पैनल के चालू होने के बाद अब क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु और बेहतर हो सकेगी।