ईंधन बचत के लिए जिला जज समेत सभी जज पैदल पहुंचे कोर्ट


गोंडा में जनहित और ईंधन बचत को लेकर जिला जज दुर्गा नारायण ने अनोखी पहल की। जिला जज सहित जिले के सभी जज सरकारी गाड़ियों का उपयोग छोड़ पैदल ही कोर्ट पहुंचे।
जिला जज अपने सरकारी आवास से पैदल कोर्ट के लिए निकले। उनके पीछे नाजिर, अर्दली और सुरक्षाकर्मी भी चलते नजर आए। जिला जज की पहल का अनुसरण करते हुए अन्य जज भी पैदल ही कोर्ट पहुंचे।
बताया जा रहा है कि गोंडा के अधिकांश जजों के सरकारी आवास कोर्ट परिसर के आसपास ही स्थित हैं। इस दौरान जिला जज दुर्गा नारायण ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि छोटे-मोटे कार्य पैदल या साइकिल से निपटाएं और बड़ी गाड़ियों का प्रयोग केवल आवश्यकता होने पर ही करें।
जिला जज की इस पहल की शहर में खूब सराहना हो रही है। लोग इसे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक सकारात्मक संदेश मान रहे हैं।