यूपी में भीषण गर्मी का कहर: बांदा 48.2°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर, 53 जिलों में लू का अलर्ट


उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार को बांदा का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। बांदा देश का सबसे गर्म और दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में 2022 का 49.2°C का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
बुधवार सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह 10:45 बजे ही बांदा का तापमान 44°C पहुंच गया। प्रयागराज में 40°C, लखनऊ में 38°C, जबकि झांसी और मेरठ में पारा 36°C के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 53 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में असर दिखा रही हैं। इसके चलते मई के आखिरी सप्ताह जैसी गर्मी अभी से महसूस हो रही है। विभाग का अनुमान है कि अगले 10 दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और धूप से बचाव करें।
भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां समय से पहले घोषित कर दी गई हैं। मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया और अंबेडकरनगर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं फिरोजाबाद, बस्ती, बुलंदशहर, बांदा और हाथरस में कक्षा 8 तक समर वेकेशन घोषित कर दिया गया है। कानपुर और आगरा में 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45°C से 49°C तक पहुंच सकता है। हालांकि 29 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है।
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए चबूतरों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जबकि काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने दोपहर में दर्शन से बचने की सलाह दी है। लखनऊ में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने कई इलाकों में प्रदर्शन भी किया।
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं वाराणसी, कानपुर, रायबरेली, मिर्जापुर, बलिया सहित 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।