
लखनऊ। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की मौसम विभाग की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घरों से बाहर निकलें और तेज धूप से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं। बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों को तैयार रहने के निर्देश जारी किए हैं।
सभी अस्पतालों में बढ़ाई जाएगी तैयारियां
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी मंडलीय, जिला, संयुक्त, शहरी एवं ग्रामीण चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में गर्मी से प्रभावित मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जीवनरक्षक दवाइयों सहित सभी आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडारण रखा जाए, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में मरीजों को समय पर सही उपचार मिल सके। इसके साथ ही चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मरीजों और तीमारदारों के लिए विशेष इंतजाम
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लू, तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण अचानक बीमार होने वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अस्पताल परिसरों में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए पर्याप्त पेयजल, छाया, पंखे, कूलर और गर्मी से बचाव की अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों में निजी मेडिकल कॉलेज या केंद्र सरकार के अस्पताल संचालित हैं, वहां के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को संबंधित संस्थानों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
जिलों से मांगी जाएगी तत्काल रिपोर्ट
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने यह भी निर्देश दिए हैं कि चिकित्सा विभाग के अधिकारी संबंधित जिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखें। यदि किसी जिले में लू और गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या अचानक बढ़ती है तो उसकी सूचना तत्काल राज्य मुख्यालय और शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते अतिरिक्त संसाधन भेजे जा सकें और राहत कार्यों को प्रभावी बनाया जा सके।
लू से बचाव के जरूरी उपाय
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें।
लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करें।
हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को गमछे या टोपी से ढककर रखें।
खाली पेट घर से बाहर न निकलें और ज्यादा तला-भुना व मसालेदार भोजन खाने से बचें।
चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लें।