
अछनेरा। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बबरोद के पास मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। हालांकि पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन के संगठित नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को देर रात क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव बबरोद के निकट छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद खनन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई चालक अपने ट्रैक्टर लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और उसे सीज कर दिया। पुलिस अब वाहन के स्वामित्व और खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि खनन माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। बावजूद इसके यह गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं हो सकी हैं। पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि अवैध खनन के इस कारोबार पर स्थायी रूप से लगाम कब लगेगी।