लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी का आयोजन


लखीमपुर खीरी। सेवा, समर्पण और त्याग की प्रतिमूर्ति महान वीरांगना लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन चंद्र उप्रेती की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार और मंदिरों के निर्माण के माध्यम से सनातन संस्कृति के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया। नारी सम्मान, शिक्षा, सेवा और लोककल्याण के प्रति उनका समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला महासचिव वरुण चौधरी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर एक सशक्त शासिका और समाज सुधारक थीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया तथा सती प्रथा का विरोध करते हुए विधवा उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने अपने शासनकाल में छोटे और कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित किया, जिसका उदाहरण आज भी माहेश्वरी साड़ियों के रूप में देखा जा सकता है।
अपने संबोधन में वरुण चौधरी ने वर्तमान आर्थिक नीतियों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जीएसटी जैसे प्रावधानों से लघु एवं मध्यम उद्योगों को नुकसान पहुंचा है, जबकि यही उद्योग रोजगार सृजन के प्रमुख स्रोत हैं।
कार्यक्रम में निवेश कुमार मसित, अब्दुल कयूम, राजेंद्र गुप्ता, जावेद अली एडवोकेट, चंद्रप्रभा अवस्थी, अब्दुल रहीम, लतीफ आजम, मोहम्मद सदीक खान, सलीम अहमद और आशीष कुमार अवस्थी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।