तहसील रामनगर पहुंचे डीएम: राजस्व और प्रशासनिक कार्यों की परखी हकीकत, अफसरों को दिए निर्देश

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। डीएम ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को तहसील रामनगर का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, अभिलेखागार, न्यायालयों और जनसुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

डीएम ने जनता दर्शन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और शिकायतों की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।

न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा, अभिलेखों का किया औचक परीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय सहित अन्य राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में पूर्व में पारित आदेशों से संबंधित पत्रावलियां औचक रूप से निकलवाकर उनका परीक्षण किया और संबंधित प्रकरणों की खतौनियां मंगवाकर आदेशों के अनुपालन एवं अमलदरामद की स्थिति का सत्यापन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व वादों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में तेजी लाने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, राजस्व अभिलेखों के नियमित अद्यतन तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

तहसील निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न मिलने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा धाम जनपद का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, इसलिए कॉरिडोर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।