
लोहकरेरा में विधायक चौधरी बाबूलाल ने लगाया रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जनसंपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल ने ब्लॉक अछनेरा के गांव लोहकरेरा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
गांव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने श्मशान घाट की बाउंड्री वॉल निर्माण, व्यायामशाला, सड़क निर्माण, पेंशन सहित विभिन्न जनसमस्याएं विधायक और अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान के निर्देश देते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
चौधरी बाबूलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा प्रदेश सरकार जनकल्याण और सुशासन के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अछनेरा चौधरी महाराज सिंह, विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश वर्मा, एडीएम आजाद भगत सिंह, पीडीआरडी रेनू कुमारी, डीसी मनरेगा राम नारायण सिंह यादव, बीडीओ अछनेरा जी.डी. शुक्ला, एसडीएम किरावली अविनभ पाठक, तहसीलदार दीपक कुमार, सरपंच उदयवीर सिंह, पूर्व प्रधान राजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भूरी सिंह मास्टर एवं कुमेंद्र सिंह वर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्रधान राजन सिंह ने की।