सार्वजनिक मार्गों से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, ईओ आशुतोष त्रिपाठी की कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप


बाराबंकी। नगर पंचायत सिद्धौर में सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करवा दिया। कार्रवाई का नेतृत्व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने पुलिस बल की मौजूदगी में किया।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत सिद्धौर निवासी अक्षय पाण्डेय ने उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि लम्बौआ वार्ड के कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक मार्ग की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच कराई और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई का निर्णय लिया।
शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया।
इस दौरान आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ न केवल अवैध निर्माण हटाया जाएगा बल्कि आवश्यक होने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक मार्गों और सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर क्षेत्र में अवैध कब्जा करने वालों में दहशत का माहौल है।