
लखनऊ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय अपने छात्रों को नई तकनीकी में जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। छात्रों के लिए कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उद्योगों के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिल रहा है। बड़ी कंपनियों के जरिये इंटर्नशिप कराया जा रहा है। इसी क्रम में जानी-मानी कंपनी आईबीएम विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के बीटेक के छात्रों को 60 घंटे की रोजगारोन्मुखी ऑनलाइन इंटर्नशिप करा रही है।
एकेटीयू कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय के निर्देशन मे आईबीएम की ओर से विश्वविद्यालय के 2400 छात्रों को वर्चुअल माध्यम से एक्सपीरियंसल प्रोजेक्ट बेस लर्निंग इंटर्नशिप कराया जा रहा है। यह इंटर्नशिप दो क्रेडिट का है। इंटर्नशिप पूरा करने पर छात्रों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इंटर्नशिप के दौरान एक्सपर्ट्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हैंड्स ऑन ट्रेनिंग देंगे।
एआई आधारित ट्रेनिंग
इंटर्नशिप में छात्रों को एआई आधारित वर्तमान जरूरतों के मुताबिक प्रोजेक्ट कराया जा रहा है। इसमें एआई आधारित रिज्यूम स्क्रीनिंग सिस्टम, ऑटो एआई मॉडल बिल्डिंग, सेंटिमेंट एनालिसिस ऑफ प्रोडक्ट रिव्यू, रेस्टोरेंट रिक्मेंडेशन चैटबोट, सोशल मीडिया पोस्ट एंड कैप्शन जेनेरेटर, एआई रिज्यूम एंड कवर लेटर जेनेरेटर, एआई पावर्ड मल्टी लैंग्वेज ट्रांसलेटर, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, टेक्स्ट एनालिटिक्स, एआई आधारित लीगल डॉक्यूमेंट रिव्यू सिस्टम प्रोजेक्ट पर हैंड्स ऑन ट्रेनिंग कराया जा रहा है।