Tupudana OP Rape Case: रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र के सिरी जंगल में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हत्या के बाद शव को सड़क पर रखकर वाहन से कुचलने की कोशिश की गई। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

नई दिल्ली/अमर भारती। राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी (Tupudana OP Rape Case) क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिरी गांव के समीप जंगल के पास सड़क पर मिले शव की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तुपुदाना पुलिस, हटिया डीएसपी, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी जांच टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने देखा सड़क पर पड़ा शव
जानकारी के अनुसार सिरी गांव का एक ग्रामीण अपने परिजनों को अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क के बीचों-बीच पड़े महिला के शव पर पड़ी। उसने गांव लौटकर अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल), डॉग स्क्वायड और तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया गया। तकनीकी टीम घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर महिला की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करती रही।
शव पर वाहन से कुचलने के मिले निशान
पुलिस जांच में सामने आया कि शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा था और उस पर किसी भारी वाहन के चढ़ने के स्पष्ट निशान थे। शव का चेहरा, कमर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
झाड़ियों में मिले संदिग्ध सबूत
घटनास्थल के समीप झाड़ियों में महिला के अंतर्वस्त्र और कंडोम का पैकेट मिला है। इन सबूतों के आधार पर पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि महिला के साथ पहले दरिंदगी की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
शव को घसीटकर सड़क पर लाया गया
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को घटनास्थल से लगभग 10 मीटर दूर घसीटकर सड़क के बीच लाकर रखा गया। इसके बाद किसी बड़े वाहन से उसे कुचल दिया गया, जिससे शरीर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
रिम्स से प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के शरीर में 42 स्थानों पर हड्डियां टूटी हुई पाई गई हैं। पुलिस ने महिला के शरीर से स्वाब के नमूने सुरक्षित रख लिए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित दुष्कर्म की घटना में कितने लोग शामिल थे।
तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे तुपुदाना थाना में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सकता है।
महिला की पहचान रेखा के रूप में हुई
तकनीकी जांच और घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन की मदद से मृतका की पहचान रेखा के रूप में हुई। वह अपने पति मनोज भुईयां के साथ रांची के अरगोड़ा क्षेत्र में रहती थी, जबकि मूल रूप से लातेहार जिले की निवासी थी। पुलिस के अनुसार मृतका के पति मनोज भुईयां ने अरगोड़ा थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। अब पुलिस संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस फिलहाल हत्या, दुष्कर्म और साक्ष्य मिटाने के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद मामले का पूरा सच सामने आने की उम्मीद है।
यहां भी पढ़ें-
भरत तिवारी एनकाउंटर पर सियासत गरम, नीतीश कुमार का पुराना वीडियो वायरल; जानिए क्या है पूरा मामला?