पंजाब के बटाला में दिल दहला देने वाली वारदात। मनजोत सिंह ने अपनी चाची, 13 वर्षीय चचेरे भाई और दोस्त की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी गोली मार ली।

नई दिल्ली/अमर भारती। पंजाब के बटाला क्षेत्र के गांव मुंडी कलार में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी चाची, 13 वर्षीय चचेरे भाई और अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
घर में घुसते ही बरसाईं गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मनजोत सिंह अपने साथी और पूर्व सैनिक परगट सिंह निवासी खान प्यारा के साथ देर रात अपने चाचा निशान सिंह के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि मनजोत सिंह ने अपने दोस्त परगट सिंह की पिस्टल अपने हाथ में ले रखी थी। घर पहुंचते ही उसने अपनी 40 वर्षीय चाची हरदीप कौर और उनके 13 वर्षीय बेटे हरमीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोस्त की भी कर दी हत्या
दोहरी हत्या के बाद मनजोत सिंह और उसके साथी परगट सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर परगट सिंह को भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आखिर में खुद को भी मारी गोली
तीन लोगों की हत्या करने के बाद मनजोत सिंह ने खुद को भी गोली मार ली। सिर में गोली लगने से उसकी भी मौके पर मौत हो गई। इस तरह कुछ ही मिनटों में चार लोगों की जान चली गई।
चाची के घर ही खाता था खाना
स्थानीय लोगों के मुताबिक मनजोत सिंह के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह अक्सर अपनी चाची हरदीप कौर के घर आता-जाता था और वहीं खाना भी खाता था। ऐसे में इस वारदात ने ग्रामीणों को और भी ज्यादा हैरान कर दिया है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेखवां पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
यहां भी पढ़ें-
George Resigns:इकलौते ईसाई मंत्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा मंजूर, 10 बड़े बिंदुओं पर एक नज़र