BBAU में पीजी प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी: अब 30 जून तक लेट फीस के साथ कर सकेंगे आवेदन

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक विलंब शुल्क के साथ अपना पंजीकरण करा सकेंगे। यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।

विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार सामान्य (यूआर), ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी तथा दिव्यांग सहित सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए विलंब शुल्क ₹1000 निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित अवधि के भीतर विलंब शुल्क सहित अपना पंजीकरण पूरा कर लें, ताकि वे प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित न रहें।

प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय पर प्राप्त कर सकते हैं।