बाराबंकी पुलिस की बड़ी कामयाबी: 17 लाख के 85 गुम मोबाइल बरामद, वास्तविक मालिकों को लौटाए गुम हुए सामान

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बाराबंकी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से करीब 17 लाख रुपये कीमत के 85 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गुम मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सर्विलांस सेल और सभी थाना पुलिस की टीमों ने विशेष अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर अलग-अलग स्थानों से कुल 85 मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

मोबाइल मिलने पर लोगों ने जताई खुशी

अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के कारण न केवल उनका कीमती मोबाइल वापस मिला, बल्कि उसमें सुरक्षित महत्वपूर्ण डाटा भी सुरक्षित मिल गया। लोगों ने इस पहल के लिए बाराबंकी पुलिस का धन्यवाद किया।

साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने में सूचना दें या सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। वहीं साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

सात महीने में 785 से अधिक मोबाइल किए बरामद

बाराबंकी पुलिस के अनुसार पिछले सात महीनों में मोबाइल रिकवरी टीम 785 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये है। बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए गए हैं, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस अभियान को सफल बनाने में प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक अजय सिंह, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मजहर अहमद, चन्द्रभान, बृजेश कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, प्रवीण शुक्ल, अंकुर, रवीन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल सुनिधि पाण्डेय सहित सर्विलांस सेल एवं सभी थानों की सीईआईआर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।