देवरिया। जिले के सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक 48 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कनक स्वीट्स के समीप उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में आई महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक का पहिया नाले में उतर गया और वाहन पलट गया। इसी दौरान सड़क किनारे टहल रही महिला दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान बबिता देवी (48), पत्नी स्वर्गीय विपिन बिहारी, निवासी अहिरौली लाला, सलेमपुर के रूप में हुई है। वह सलेमपुर के चूड़ा गली में ‘शिवांगी ब्यूटी पार्लर’ संचालित कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। पति के निधन के बाद वह किराये के मकान में रहकर अपने 18 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी और 16 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार की अकेले परवरिश कर रही थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी बबिता देवी पर ही थी। उनकी असामयिक मृत्यु से बच्चों के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, देवरिया भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और नियमित यातायात निगरानी की मांग की है।