सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौके पर मौत, सड़क सुरक्षा की उठी मांग

संदीप मद्धेशिया

सलेमपुर। सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 48 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना कनक स्वीट्स के समीप उस समय हुई, जब सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक का पहिया नाले में उतर गया और वह पलट गया। इसी दौरान सड़क किनारे टहल रही महिला दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका की पहचान बबिता देवी (48), पत्नी स्वर्गीय विपिन बिहारी, निवासी अहिरौली लाला, सलेमपुर के रूप में हुई है। वह सलेमपुर के चूड़ा गली में ‘शिवांगी ब्यूटी पार्लर’ संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। पति के निधन के बाद वह किराये के मकान में रहकर अपने दो बच्चों की अकेले परवरिश कर रही थीं।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी 18 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी और 16 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी बबिता देवी के कंधों पर थी। उनकी असमय मृत्यु से दोनों बच्चों के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा गया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, देवरिया भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने उठाई सड़क सुरक्षा की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने तथा नियमित यातायात निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।