
शैलेश उपाध्याय
देवरिया। यूपी के जनपद देवरिया के लार थानाक्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक 18 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली युवक की गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर पिंडी निवासी प्रकाश यादव (18) पुत्र रामबाबू अपने दो दोस्तों के साथ अलमाइटी स्कूल के सामने स्थित समाधि बाबा के सुनसान बगीचे में घूमने गया था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की घटना हुई। गोली लगने के बाद साथ मौजूद दोनों युवक घायल प्रकाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के साथ आए युवकों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन परिजन और ग्रामीण कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। इससे गोलीकांड की गुत्थी और भी उलझ गई है। दिनदहाड़े सुनसान बगीचे में हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।