
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित प्रदेश महामंत्री उपेन्द्र सिंह रावत एवं प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव का सोमवार को रामनगर में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान दोनों नेताओं ने पावन श्रीलोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच दोनों नेताओं ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, संगठन की निरंतर प्रगति तथा राष्ट्र कल्याण की कामना की। तो वहीं मंदिर के पुजारियों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न कराई।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान विधायक शरद कुमार अवस्थी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय प्रकाश मिश्रा, मंडल महामंत्री रवि शर्मा सहित शक्ति केंद्र संयोजक, सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र की बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही। नव निर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।
मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत: प्रदेश महामंत्री
इस विशेष मौके पर प्रदेश महामंत्री उपेन्द्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता “सशक्त संगठन, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत” के संकल्प के साथ जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर बल देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुट जाएं।
वहीं पूजा-अर्चना के उपरांत दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन को और सशक्त बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
