बाराबंकी में फर्जी बैनामे से 45 लाख की ठगी का खुलासा: स्विफ्ट कार बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। थाना बदोसराय पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए फर्जी बैनामा कर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शनिवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में वह व्यक्ति भी शामिल है, जिसे फर्जी तरीके से जमीन का मालिक बनाकर बैनामा कराया गया था।

एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि 9 जुलाई को कृष्णावती पत्नी स्वर्गीय रामहरख, निवासी चन्दवारा थाना सफदरगंज ने थाना बदोसराय में तहरीर दी थी। शिकायत के अनुसार, उन्होंने 7 मई 2026 को बंशीलाल पुत्र संतराम, निवासी डेरेराजा की 13 बीघा जमीन 45 लाख रुपये में खरीदी थी। इसमें 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और 30 लाख रुपये नकद दिए गए थे।

बाद में जमीन पर कब्जा लेने के दौरान पता चला कि असली बंशीलाल की जगह बंशी नाम के व्यक्ति को फर्जी मालिक बनाकर खड़ा किया गया था। आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर तहसील सिरौली गौसपुर में फर्जी बैनामा करा दिया। इस मामले में थाना बदोसराय में मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मैनुअल इंटेलीजेंस से पुलिस को मिली सफलता

एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस की मदद से शुक्रवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार वर्मा उर्फ सुशील निवासी जमलापुर सैदनपुर, रविनन्दन द्विवेदी निवासी गोबरहा टिकैतनगर, विनोद कुमार निवासी खिदरापुर थाना सफदरगंज, राजकुमार निवासी मदनिया सुजौती जनपद बहराइच तथा नन्दकिशोर और बंशी निवासी राजपुर पढुआ जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने वादिनी के पुत्र को डेरेराजा में 13 बीघा जमीन दिखाई। इसके बाद बंशी को फर्जी बंशीलाल बनाकर खरीदार के सामने पेश किया और 45 लाख रुपये में सौदा तय कर बैनामा करा दिया। बैनामे के बाद जब पीड़िता जमीन पर कब्जा लेने पहुंची, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

स्विफ्ट कार बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (संख्या UP 32 RC 7467) भी बरामद कर ली है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामऔतार राम, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, कांस्टेबल आशीष सिंह और कांस्टेबल रोहित शर्मा शामिल रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।