
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। आगामी श्रावण मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने हैदरगढ़ स्थित प्राचीन अवसानेश्वर महादेव मंदिर परिसर एवं गोमती घाट का स्थलीय निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर, गोमती घाट, संपर्क मार्गों तथा पुलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर मजबूत बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग और संपर्क मार्गों पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट, लगातार होगी पेट्रोलिंग
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट स्थापित करने और पूरे मेला क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर कुमार सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हर वर्ष उमड़ती है लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
उल्लेखनीय है कि श्रावण माह में हैदरगढ़ स्थित प्राचीन अवसानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने समय रहते मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।