आगरा/अछनेरा। आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव रायभा में रविवार सुबह एक भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। रेलवे फाटक के पास खड़ी एक आर्टिगा कार में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरी मंजिल पर संचालित फास्ट फूड एवं कोल्ड ड्रिंक की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार, बाइक, करीब एक लाख रुपये की नकदी और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार गांव रायभा निवासी वीरेंद्र उर्फ विक्की, पुत्र शैतान सिंह, रेलवे फाटक के पास फास्ट फूड एवं कोल्ड ड्रिंक की दुकान संचालित करते हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे दुकान के नीचे खड़ी उनकी आर्टिगा कार में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसकी लपटें ऊपर बनी दुकान तक पहुंच गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने बाल्टियों और अन्य बर्तनों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी और घने धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बचाव अभियान के दौरान दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे बड़ा विस्फोट होने का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। आग बुझाने के लिए दमकल टीम ने पड़ोसी की छत के रास्ते दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
दुकान संचालक वीरेंद्र उर्फ विक्की ने बताया कि आग में उनकी आर्टिगा कार, एक बाइक, करीब एक लाख रुपये की नकदी, डीप फ्रीजर, पेप्सी फ्रिज, कोल्ड ड्रिंक, परचून का सामान, फास्ट फूड का पूरा स्टॉक सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।