बाराबंकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल, जेवर और नकदी बरामद

बाराबंकी। बाराबंकी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और वारदातों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसपी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा सभी प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत 16 जुलाई 2026 को थाना हैदरगढ़ पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनेवल पुत्र रामप्रताप तथा पवन पुत्र रोहित, निवासी ग्राम टिभुईखेड़ा मजरे रामनगर, थाना हैदरगढ़, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।

चोरी के 10 मोबाइल, जेवर और नकदी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं से संबंधित 10 कीपैड मोबाइल, एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब, एक पीली धातु का नक्शा, सफेद धातु की दो चेन, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल, पीली धातु की एक अंगूठी तथा 560 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेकी के बाद देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी गांवों और कस्बों में घूम-घूमकर पहले संभावित स्थानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने 15/16 मई 2026 की रात ग्राम बीजापुर स्थित एक घर में चोरी की थी। इसके अलावा 10 जुलाई 2026 की रात कस्बा हैदरगढ़ के बछरावां तिराहे पर स्थित एक मोबाइल दुकान से मोबाइल चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था।

दो मुकदमों का हुआ खुलासा, बढ़ाई गई धाराएं

इन दोनों घटनाओं के संबंध में थाना हैदरगढ़ में 173/2026 धारा 305(ए) बीएनएस और 235/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमे पहले से दर्ज थे। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।