
देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नैशनल बैंक ने डिजिटल बैंकिंग को अधिक समावेशी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता द्वारका, नई दिल्ली स्थित पीएनबी के कॉर्पोरेट कार्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम, डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ नाग तथा पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग (डीबीटीडी) के मुख्य महाप्रबंधक (डी) अतिश कुमार राउत उपस्थित रहे।
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत भाषिणी की अत्याधुनिक बहुभाषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्षमताओं को पीएनबी के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इसके बाद बैंक के ग्राहक आवाज़ और टेक्स्ट दोनों माध्यमों से अपनी पसंदीदा भारतीय भाषा में आसानी से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य भाषा संबंधी बाधाओं को समाप्त कर देशभर के ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग को अधिक सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है।
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की समान और आसान पहुंच सुनिश्चित होगी
समझौते के अवसर पर पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम ने कहा कि भाषिणी और पीएनबी के बीच यह सहयोग इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि किस प्रकार डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर विभिन्न क्षेत्रों में समावेशी डिजिटल परिवर्तन को गति दे सकता है। उन्होंने कहा कि बहुभाषी एआई तकनीक को सार्वजनिक सेवा वितरण के साथ जोड़ने से भाषा की बाधाएं दूर होंगी और देश के प्रत्येक नागरिक तक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की समान और आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
पसंदीदा भारतीय भाषा में सहजता से वित्तीय सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ नाग ने कहा कि आवश्यक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच के लिए भाषा कभी भी बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि पीएनबी के साथ यह साझेदारी भाषिणी के ‘वॉइस-फर्स्ट’ और बहुभाषी बैंकिंग प्रणाली के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, एआई आधारित भाषा तकनीक के माध्यम से ऐसा समावेशी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है, जिससे नागरिक अपनी पसंदीदा भारतीय भाषा में सहजता से वित्तीय सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे और डिजिटल बैंकिंग पहले से अधिक सरल, समावेशी तथा नागरिक-केंद्रित बनेगी।
बहुभाषी एआई तकनीकों का लाभ उठाने में सक्षम बनाएगी
पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग (डीबीटीडी) के मुख्य महाप्रबंधक (डी) अतिश कुमार राउत ने कहा कि बैंक सुरक्षित, सरल और ग्राहक-केंद्रित डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के साथ यह साझेदारी बैंक को अत्याधुनिक बहुभाषी एआई तकनीकों का लाभ उठाने में सक्षम बनाएगी, जिससे पीएनबी के डिजिटल प्लेटफॉर्म अधिक समावेशी बनेंगे और विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के ग्राहकों के लिए उनका उपयोग पहले से कहीं अधिक आसान होगा।