UP विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी JPI, प्रदेशभर में चलेगा सदस्यता अभियान और जनसंवाद कार्यक्रम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक हजरतगंज स्थित कैंप कार्यालय, कसमंडा अपार्टमेंट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने की। बैठक में प्रदेशभर में युद्ध स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने, मंडल स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संगठनात्मक बैठकों के आयोजन के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

पार्टी प्रमुख शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया के गठन से पहले राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के माध्यम से जाति और धर्म से ऊपर उठकर युवाओं को एक मंच पर संगठित करने तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति का केंद्र युवा वर्ग बन चुका है और उत्तर प्रदेश में इस सोच को स्थापित करने का श्रेय राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच को जाता है। उनका दावा था कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों के हितों की सच्ची आवाज बनकर उभरेगी तथा उन्हें बेहतर भविष्य का विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से छात्रों, युवाओं, बेरोजगारों और जनहित के मुद्दों पर किए गए संघर्षों एवं पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क, जनसंवाद और जनचौपाल कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जल्द ही विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित कर जनता का ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत विषयों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

युवा सकारात्मक नेतृत्व चाहते हैं, जातीय राजनीति से जनता परेशान

बैठक के बाद कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि प्रदेश की जनता एक सकारात्मक और मजबूत युवा नेतृत्व की तलाश में है तथा मौजूदा राजनीतिक दलों पर युवाओं का भरोसा लगातार कम हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिगत राजनीति करने वाले दल और नेता राजनीतिक शुचिता, नैतिकता और सिद्धांतों को दरकिनार कर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, जो लोकतंत्र और सामाजिक समरसता के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया एक आदर्श समाज की स्थापना के लिए संकल्पबद्ध है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर समाज एवं राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान तलाशने का प्रयास करेगी। उनका कहना था कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने हमेशा युवाओं का उपयोग अपने स्वार्थ के लिए किया, जबकि उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए।

रोजगार, मुफ्त प्रतियोगी परीक्षाएं और किसानों-व्यापारियों के मुद्दे रहेंगे प्राथमिकता में

पार्टी प्रमुख शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने बताया कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया हर घर रोजगार योजना, रोजगार उपलब्ध न होने तक जीवन-यापन भत्ता, प्रतियोगी परीक्षाओं को निःशुल्क, निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने, परीक्षा में गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इसके अलावा कृषि, शिक्षा, चिकित्सा और स्वास्थ्य को पार्टी के मुख्य एजेंडे में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी नीति तैयार करेगी।

गठबंधन के लिए रास्ते खुले, लेकिन संगठन मजबूत करना पहली प्राथमिकता

गठबंधन की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि राजनीति में गठबंधन के रास्ते हमेशा खुले रहते हैं, लेकिन फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर में अपनी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने सिद्धांतों, नीतियों और संगठनात्मक मजबूती के दम पर पूरी ताकत से लड़ेगी तथा जनता का विश्वास हासिल करने का प्रयास करेगी।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट संग्राम सिंह, फिरोज खान, मेहताब खान चांद, एडवोकेट जेपी सिंह, अजमत उल्ला खान, रविंद्र सिंह, केपी वर्मा, अर्जुन सिंह, रामविलास साहू, दीप नारायण मिश्रा, एस. के. तूफानी, दुर्गेश कुमार, देवेंद्र सिंह, मोतीलाल, श्याम किशोर, अतुल कुमार, रविंदु शुक्ला, लियाकत अली, विनय सोनकर, राजेश मिश्रा, सुरेंद्र यादव, आबिद हुसैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।