अटल आवासीय विद्यालय में खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को मिलावट पहचानने के बताए आसान तरीके


फतेहपुर सीकरी (आगरा): अटल आवासीय विद्यालय, कोरई में बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं खाद्य मिलावट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, मेस कर्मचारियों एवं शिक्षकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों के सेवन, खाद्य मिलावट की पहचान, स्वच्छता तथा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
आगरा से पहुंचीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिता जिज्ञासु एवं अजय सिंह ने बताया कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि तथा गुणवत्ता की जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि खाद्य पदार्थ हमेशा अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें और मिलावटी खाद्य सामग्री के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क रहें।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की खाद्य सुरक्षा वैन के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच का लाइव प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने छात्रों और कर्मचारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के व्यावहारिक तरीके बताए, जिससे उन्हें सुरक्षित भोजन के महत्व और खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी मिली।
कार्यक्रम प्राचार्या सुनीता वशिष्ठ, प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार तथा मेस प्रभारी अंशुमान दुबे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अंत में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने सुरक्षित, स्वच्छ एवं शुद्ध भोजन अपनाने तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।