
निघासन – खीरी।बुधवार को कार्यवाहक ब्लाक अध्यक्ष/ महामंत्री पीयूषकांत मिश्र राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (प्राथमिक संवर्ग) के नेतृत्व में खण्ड विकास अधिकारी निघासन जयेश कुमार सिंह को परिषदीय विद्यालयों की समस्याओं के निस्तारण हेतु ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन की मुख्य मांगों में स्कूलों में सप्ताह में कम से कम दो बार सफाई सुनिश्चित की जाए। सफाईकर्मियों की उपस्थिति की निगरानी (मॉनिटरिंग) हो और सफाई का प्रमाण पत्र स्कूल के प्रधानाध्यापक से प्रमाणित कराया जाए।जिन विद्यालयों में पानी भरने (जल भराव) की समस्या है, वहां मिट्टी डलवाई (पटाई) जाए और इंटरलाकिंग का कार्य कराया जाए।
स्कूलों में पीने के लिए साफ पानी की व्यवस्था की जाए।इसके साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों को दोबारा रीबोर कराया जाए।बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए तहसील स्तर पर एक हेल्पडेस्क और एक हेल्प लाइन नंबर जारी किया जाए।
इसके अलावा हॉट कुक्ड योजना के तहत रसोइयों के मानदेय का भुगतान और कन्वर्जन कॉस्ट (जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्कूलों को नहीं दी जा रही है), उसे दिलाने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को आदेशित कर तुरंत कार्रवाई की जाए।विद्यालयों में सोलर पैनल लगवाए जाएं ताकि स्मार्ट क्लास और प्रोजेक्टर आदि का बिना किसी रुकावट के ठीक से उपयोग किया जा सके।महासंघ ने इन सभी समस्याओं के जल्द से जल्द निस्तारण (समाधान) का अनुरोध किया है।
इस मौके पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यवाहक ब्लाक अध्यक्ष/महामंत्री पीयूषकांत मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मार्कण्डेय मौर्य, मंत्री प्रयाग नारायण सिंह, संयुक्त महामंत्री विवेक कुमार मौर्य, मीडिया प्रभारी दिलदार सिंह व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।